रायपुर (ईएमएस)। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पंडरी पुलिस ने एक आरोपी को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार आज पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दलदलसिवनी क्षेत्र स्थित वर्मा चिकन सेंटर के पास अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज चौरे 28 वर्ष निवासी शिवाजी नगर, द्वारिका विहार, दलदलसिवनी थाना पंडरी, रायपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 01 नग धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उस पर हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ पंडरी थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए आगे भी निगरानी और जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/17 अप्रैल 2026