ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए “एक बगिया मां के नाम” योजना के तहत बागीचे तैयार किए गए हैं। इन एक बगिया मां के नाम (बागीचों) का जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि एक बगिया मां के नाम के हितग्रहियों को सोलर पंप एवं ड्रिप सिंचाई से जोड़ा जाए। इसके साथ ही जिन हितग्रहियों को एक बगिया मां के नाम योजना का लाभ दिया जाना है, उनके यहां शीघ्र कार्य प्रारंभ किए जाएं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत ने ग्राम पंचायत मऊछ में मनरेगा के अंतर्गत स्व. सहायता समूह के सदस्य द्वारा लगाई गई एक बगिया मां के नाम (बगीचे) का निरीक्षण किया। साथ ही ग्राम में पटेल के यहां पर लगे व्यावसायिक सोलर प्लांट का भी अवलोकन किया। उन्होंने पटेल से प्लांट की व्यावसायिक कार्ययोजना को समझा तथा अच्छा कार्य किए जाने हेतु शुभकामनाएं दी। साथ ही जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित नल जल योजना का अवलोकन भी किया । जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें हर नल में टोटी लगाने हेतु प्रेरित किया। इस दौरान बताया गया कि ग्रामीणों द्वारा जल कर जमा किया जा रहा है, जिसकी उन्होंने प्रशंसा की। ग्रामीणों से चर्चा कर उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जनभागीदारी से जल संरक्षण किए जाने के लिए भी मार्गदर्शन दिया ।