क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


जगदलपुर (ईएमएस)। शहर के प्रतिष्ठित श्री बालाजी मंदिर के रजत जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार शाम बालाजी मंदिर स्थित कल्याणम मंडपम में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मंदिर की 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म एवं स्मारिका का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्री बालाजी मंदिर ने इस वर्ष अपने स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। इस अवसर को मंदिर समिति द्वारा विशेष धार्मिक आयोजनों के माध्यम से मनाया गया। रजत जयंती महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, विशेष अभिषेक, भजन संध्या, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं सामूहिक प्रसाद वितरण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन्हीं आयोजनों और मंदिर की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा को संजोते हुए एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार की गई है। विमोचित की गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म में मंदिर की स्थापना, इसके विकास, धार्मिक महत्व, सामाजिक योगदान तथा वर्षों से जुड़े श्रद्धालुओं की भावनाओं को बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में मंदिर के निर्माण से लेकर आज तक के महत्वपूर्ण पड़ावों, धार्मिक आयोजनों और समाज सेवा के विभिन्न आयामों को भी शामिल किया गया है। उपस्थित श्रद्धालुओं ने फिल्म को देखकर मंदिर से जुड़ी स्मृतियों को पुनः जीवंत महसूस किया। इसके साथ ही मंदिर की रजत जयंती पर प्रकाशित स्मारिका का भी विमोचन किया गया। इस स्मारिका में मंदिर के इतिहास, धार्मिक गतिविधियों, प्रमुख आयोजनों, समिति के कार्यों तथा समाज में मंदिर की भूमिका को विस्तारपूर्वक स्थान दिया गया है। स्मारिका में मंदिर से जुड़े अनेक दुर्लभ छायाचित्र और लेख भी शामिल किए गए हैं, जो इसे विशेष बनाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने मंदिर समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की डॉक्यूमेंट्री और स्मारिका आने वाली पीढ़ियों के लिए मंदिर की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित रखने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि श्री बालाजी मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक बन चुका है। इस अवसर पर बेवरेजेस कॉरपोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, टेंपल कमेटी के अध्यक्ष बी. वासुदेव राव, बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सोमानी, सर्व हिंदू समाज के सचिव धरमचंद्र शर्मा, बी वेंकट राव, कुंडल राव, बी जयराम, मद्दी सप्त गिरी, आदिनारायण राव, नागभूषण राव, नरसिंह राव, टी महेश, बी रामकुमार, अप्पा राव, राजू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा मंदिर की धार्मिक परंपरा को इसी प्रकार आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। सुधीर जैन/चंद्राकर/17 अप्रैल 2026