क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


खरगोन (ईएमएस) । केंद्र सरकार की महती प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने के नाम पर रिश्वत लिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस भ्रष्ट्राचार को लोकायुक्त पुलिस इंदौर टीम ने उजागर किया है। लोकायुक्त पुलिस ने जिले के भीकनगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ के नाम पर रिश्वत ले रहे उप राजस्व अधिकारी मयंक जैन को रंगेहाथ पकड़ा है। अधिकारी ने पीएम आवास की दूसरी किस्त जारी करने के एवज में 15 हजार रुपए की बड़ी राशि रिश्वत के रुप में मांगी थी। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबां, किरायेदारों को खुद का पक्का आवास बनाने के लिए पीएम आवास योजना शुरु की थी, लेकिन इस योजना को खुद शासन के नुमाइंदे पलीता लगाने से बाज नही आ रहे। हालांकि योजना की राशि सीधे हितग्राही के खाते में आती है, लेकिन कागजी कार्रवाई के नाम पर योजना को भ्रष्ट्राचार की भेंट चढ़ाया जा रहा है।लोकायुक्त पुलिस से जानकारी के अनुसार, भीकनगांव में वार्ड क्रमांक 6 निवासी सिराज उर्फ कालू, पिता मकसूद पठान, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभार्थी है। योजना की दूसरी किस्त जारी कराने के लिए उप राजस्व अधिकारी मयंक जैन द्वारा उससे 15 हजार की रिश्वत की मांग जा रही थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी कार्यालय इंदौर में की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त एसपी के निर्देश पर ट्रैप दल का गठन किया गया। शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। आरोपी जैन ने जैसे ही नगर परिषद कार्यालय परिसर में 15 हजार रुपए शिकायतकर्ता से लिए। छिपकर खड़ी लोकायुक्त टीम ने उसे धरदबोचा। इसके बाद सहायक राजस्व निरीक्षक जैन को लेकर टीम स्थानीय पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस लेकर पहुंची। इस मामले में आरोपित अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया, प्रआर विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार, चन्द्रमोहन बिष्ट, चेतन सिंह परिहार, कृष्णा अहिरवार, प्रभात मोरे शामिल रहे। जानकारी के अनुसार नगर परिषद भीकनगांव क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 444 आवास स्वीकृत हैं। अधिकांश हितग्राहियों को पहली किश्त जारी हो चुकी है, जबकि दूसरी किश्त जारी करने की प्रक्रिया जारी है। ईएमएस / 17 अप्रैल 2026