क्षेत्रीय
17-Apr-2026


कल्याण, (ईएमएस)। कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र में अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ गुरुवार दिनांक 16 अप्रैल को मनपा द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई मनपा आयुक्त अभिनव गोयल, शहर अभियंता अनिता परदेशी और अतिरिक्त शहर अभियंता जगदीश कोरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मनपा के जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस अभियान के दौरान विभिन्न प्रभागों में बड़ी संख्या में अनधिकृत नल कनेक्शन काटे गए। अ प्रभाग के मोहिली क्षेत्र में मुख्य जल पाइपलाइन से जुड़े 67 अवैध कनेक्शन हटाए गए। वहीं, ह प्रभाग के जुनी डोंबिवली इलाके में 8 और ई प्रभाग के भोपर केबल ऑफिस परिसर में 14 अनधिकृत कनेक्शन तोड़ने की कार्रवाई की गई। इस अभियान में जल आपूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता महेश डावरे और शैलेश मलेकर, उप अभियंता उदय सूर्यवंशी, लिलाधर नारखेडे और अनुप धुवाड, साथ ही कनिष्ठ अभियंता ओंकार भोईर और मोरेश्वर राणे ने सक्रिय भूमिका निभाई। महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार, इस कार्रवाई से टिटवाला, भोपर और डोंबिवली पश्चिम क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। साथ ही, भविष्य में भी अवैध नल कनेक्शनों पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। संतोष झा-१७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस