क्षेत्रीय
17-Apr-2026


अलीगढ़ (ईएमएस)। गढ़मुक्तेश्वर में किसान नेता भानु प्रताप और पूर्व मंत्री मदन चौहान के बीच हुए विवाद को लेकर हाथरस के पुरदिलनगर अंडरपास पर पुलिस व किसान कार्यकर्ताओं की झड़प हुई। वहां से अलीगढ़ के गभाना टोल प्लाजा पहुंचने पर फिर पुलिस से नोक-झोंक हो गई। भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह के साथ हापुड़ में कथित अभद्रता के विरोध में प्रदेशभर के किसान सड़कों पर उतर आए। हापुड़ कूच के दौरान गभाना टोल प्लाजा पर उस समय हालात बिगड़ गए, जब पुलिस ने काफिले को रोकने की कोशिश की। अलीगढ़ और बुलंदशहर पुलिस की रोक-टोक से नाराज किसानों ने विरोध तेज कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई और बुलंदशहर के सीओ शिकारपुर सहित कई पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की नौबत आ गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन आक्रोशित किसान नहीं रुके और बुलंदशहर की ओर बढ़ गए। करीब एक घंटे तक टोल प्लाजा पर जाम और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिससे राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। किसानों का काफिला खुर्जा- बुलंदशहर पहुंच गया है जहां पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर किसानों को रोकने में जुटे हुए हैं। ईएमएस / 17/04/2026