भागलपुर, (ईएमएस)। भागलपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नवनिर्मित औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना भवन का उद्घाटन शुक्रवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्वीय क्षेत्र, भागलपुर के पुलिस महानिरीक्षक ने अपने करकमलों से थाना भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने नए थाना भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बताते हुए इसे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम बताया। कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। नए थाना भवन के उद्घाटन से औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों और उद्योगों को भी लाभ मिलेगा। संतोष झा-१७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस