क्षेत्रीय
17-Apr-2026


मोतिहारी, (ईएमएस)। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने छापेमारी कर इस अवैध गतिविधि का पर्दाफाश किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 5 महिलाओं को निरुद्ध किया, जिनमें एक विधि विरुद्ध बालिका भी शामिल है। सभी को सुरक्षित हिरासत में लेकर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान राजीव रंजन (निवासी– जमीन कमतौल, थाना कुढनी, जिला मुजफ्फरपुर) एवं सतीश कुमार (निवासी– अम्बा, थाना अम्बा, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है, जिसे जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। संतोष झा-१७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस