भागलपुर, (ईएमएस)। नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा शुक्रवार को सजौर थाना का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना में लंबित एवं निष्पादित कांडों की गहन समीक्षा करते हुए अनुसंधान की प्रगति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने थाना पुलिस को नियमित एवं सघन गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही ड्रग्स, अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी के खिलाफ कड़ी निगरानी रखने और ऐसे मामलों में त्वरित व सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना कर्मियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान थाना के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। संतोष झा-१७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस