रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने संयुक्त प्रेस वार्ता में वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना को लेकर राज्य सरकार और प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह हादसा लापरवाही का परिणाम है और इसमें कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। दीपक बैज ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी से स्पष्ट है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। बिना भट्टी बंद किए काम कराया गया और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अभाव था। उन्होंने सवाल उठाया कि उद्योग सुरक्षा विभाग ने नियमित निरीक्षण क्यों नहीं किया। बैज ने इसे “सदोष मानव वध” बताते हुए दोषियों पर कड़ी धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की। डॉ. चरणदास महंत ने भी घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया और कहा कि 20 से अधिक लोगों की मौत के बावजूद केवल जमानतीय धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने, तकनीकी जांच और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की। साथ ही राज्य में अत्याधुनिक बर्न हॉस्पिटल स्थापित करने की भी बात कही। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने राज्य में बढ़ती औद्योगिक दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सैकड़ों मजदूरों की जान गई है, जो सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी को दर्शाता है। इसके अलावा, कांग्रेस ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विरोध करते हुए कहा कि इससे आदिवासियों के संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। पार्टी का आरोप है कि यह कदम आदिवासी हितों के खिलाफ है।महिला आरक्षण पर कांग्रेस ने समर्थन दोहराते हुए कहा कि इसे परिसीमन से अलग रखा जाना चाहिए। पार्टी ने मांग की कि पहले जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी की जाए, उसके बाद आरक्षण लागू किया जाए। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/17 अप्रैल 2026