रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को 16 अप्रैल को सूचना मिली थी कि श्री मेडिशाइन अस्पताल के पीछे एक व्यक्ति मादक पदार्थ बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसीपी इशू अग्रवाल और थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम सौरभ ठाकुर (29 वर्ष) निवासी न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 07 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 153/26 के तहत धारा 21(बी) और 29 नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/17 अप्रैल 2026