बालाघाट (ईएमएस). जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नालसा योजना 2015 के अंतर्गत जागरूकता शिविर एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष प्राणेश कुमार प्राण की उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों से 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश स्तर की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 10 वीं में शिवम बोपचे, भुवी बिसेन, दिव्यांश चावके, नैनी लिल्हारे तथा कक्षा 12 वीं में शिवम, भावना पटले, आर्यनगिरी गोस्वामी, स्वाती उइके, मृणाली धावरे, अश्वी पाराशर एवं स्तुति जैन को सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में न्यायाधीश प्राणेश कुमार प्राण ने कहा कि यह सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कठिन परिश्रम, समर्पण और दृढ़ निश्चय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) रघुबीर प्रसाद पटेल, प्रथम जिला न्यायाधीश गौतम सिंह मरकाम, द्वितीय जिला न्यायाधीश डीएन सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतीष शर्मा एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी जितेंद्र मोहन धुर्वे सहित अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल विधिक जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल साबित हुआ। भानेश साकुरे / 17 अप्रैल 2026