क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


डे-एनयूएलएम टीम की सराहना, संयुक्त कलेक्टर ने किया सम्मान समीक्षा बैठक में आर्थिक सशक्तिकरण की नई कार्ययोजना पर चर्चा बालाघाट (ईएमएस). नगर पालिका परिषद बालाघाट ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। लक्ष्य से अधिक हितग्राहियों को लाभ पहुंचाकर नपा ने प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, जिसे लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने टीम की सराहना की है। दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डे-एनयूएलएम) के माध्यम से संचालित इस योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें औपचारिक वित्तीय प्रणाली से जोडऩे का कार्य प्रभावी ढंग से किया गया है। नपा द्वारा निर्धारित लक्ष्य 1464 के विरुद्ध 1614 हितग्राहियों को लाभान्वित कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई है। इस सफलता पर संयुक्त कलेक्टर एवं जिला शहरी विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी राहुल नायक ने डे-एनयूएलएम टीम के सिटी मिशन मैनेजर दीपक बिठले, ममता नगपुरे, विशाल श्रीवास और धनेन्द्र धुवारे को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम-भारती ठाकुर नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने भी टीम की सराहना करते हुए इसे आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। 17 अप्रैल को नपाध्यक्ष कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मोती उद्यान स्थित दुकानों को महिला स्व-सहायता समूहों को आवंटित करने तथा स्ट्रीट वेंडर्स के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने पर विचार किया गया। बैठक में सभापति योगिता विनय बोपचे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश शासन नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा भी नपा अध्यक्ष को बेहतर क्रियान्वयन के लिए सम्मानित किया जा चुका है। वहीं हाल ही में केंद्रीय पीएम स्वनिधि मूल्यांकन टीम के दौरे के दौरान भी बालाघाट नपा के कार्यों की सराहना की गई और लाभार्थियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार की गई। इस उपलब्धि ने बालाघाट को प्रदेश में एक मॉडल के रूप में स्थापित किया है, जहां स्ट्रीट वेंडर्स के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं। भानेश साकुरे / 17 अप्रैल 2026