चित्रकूट में संतों से आशीर्वाद लेकर लौटी मंदिर समिति बालाघाट (ईएमएस). जिले के भरवेली क्षेत्र स्थित हीरापुर में प्रस्तावित 205 फीट ऊंची भगवान श्री हनुमान जी की भव्य प्रतिमा एवं मंदिर निर्माण को लेकर धार्मिक वातावरण और अधिक उत्साहित हो गया है। मंदिर समिति ने चित्रकूट पहुंचकर जगतगुरु रामभद्राचार्य जी से भेंट कर इस महाअभियान के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जिले के भरवेली क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर स्थित सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर में प्रस्तावित 205 फीट ऊंची भगवान श्री हनुमान जी की विशाल प्रतिमा एवं भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को अब संत समाज का भी आशीर्वाद मिलने लगा है।इसी कड़ी में 16 अप्रैल को मंदिर समिति के सदस्य पवित्र नगरी चित्रकूट पहुंचे, जहां उन्होंने श्री तुलसी पीठ सेवा न्यास में जगतगुरु रामभद्राचार्य से सौजन्य भेंट की। इस दौरान समिति द्वारा उन्हें श्रद्धा स्वरूप कोदो का चावल एवं सत्तू भेंट किया गया, जिसे उन्होंने स्नेहपूर्वक स्वीकार किया। भेंट के दौरान समिति ने प्रस्तावित हनुमान प्रतिमा एवं मंदिर निर्माण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। जगतगुरु रामभद्राचार्य ने इस कार्य को सनातन धर्म, आस्था और सांस्कृतिक चेतना के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अपना आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने निकट भविष्य में बालाघाट आगमन की सहमति भी दी, जिससे क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। मंदिर समिति के अनुसार यह निर्माण केवल एक प्रतिमा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह रामभक्ति, हनुमान शक्ति और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक बनेगा। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस दिव्य संकल्प में सहभागिता की अपील करते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने का आह्वान किया है। भानेश साकुरे / 17 अप्रैल 2026