क्षेत्रीय
17-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस) । जनपद में गेहूँ खरीद प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने खाद्य विभाग के अंतर्गत संचालित गेहूँ क्रय केन्द्र, नवीन मंडी स्थल (हाथरस द्वितीय) का औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान क्रय केन्द्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। केन्द्र पर 1583 जूट बोरे और 1710 पीपी बोरे उपलब्ध पाए गए। इसी दौरान 17 अप्रैल 2026 को ग्राम खुटीपुरी निवासी किसान अनिल कुमार कौसिक से 30 कुंतल गेहूँ की खरीद की गई।जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमला प्रसाद यादव ने बताया कि केन्द्र का कुल लक्ष्य 1000 मीट्रिक टन निर्धारित है। निरीक्षण में नमी मापक यंत्र, डस्टर, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे और पेयजल व्यवस्था संतोषजनक मिली।जिलाधिकारी ने यूआरएस और एफएक्यू श्रेणी के गेहूँ के अंतर की जांच करते हुए वर्षा से प्रभावित गेहूँ (लस्टर लॉस) को भी नियमानुसार खरीदने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही किसान संपर्क रजिस्टर और टोकन रजिस्टर का निरीक्षण कर केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि टोकन के आधार पर ही गेहूँ की तौल सुनिश्चित की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। ईएमएस / 17/04/2026