हाथरस (ईएमएस) । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित प्रताप चौराहे के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और 108 व 102 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भिजवाया। बताया गया कि बोलेरो में सवार करीब सात लोग गंगाजी से स्नान कर अपने गांव सादाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आए ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।हादसे में बोलेरो सवार करीब छह लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा प्रशासनिक टीम के साथ अस्पताल पहुंचीं और घायलों से घटना की जानकारी ली। ईएमएस / 17/04/2026