क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


रायसेन। मानव अधिकारों के संरक्षण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य डॉ प्रियंक कानूनगो ने शुक्रवार को सांची थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने में एक युवक को पुलिस हिरासत में बिठाए जाने और प्रक्रिया में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी सहित पूरे स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई। डॉ कानूनगो ने थाने के रिकॉर्ड, हिरासत व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई की बारीकी से जांच की। इस दौरान उन्होंने पाया कि संबंधित युवक को हिरासत में रखने की प्रक्रिया में आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मानवाधिकारों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के अधिकारों का विशेष ध्यान रखा जाए और हर कार्रवाई नियमानुसार दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है कि आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। डॉ कानूनगो ने यह भी निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ व्यवहार किया जाए। उन्होंने रजिस्टर संधारण, गिरफ्तारी की प्रक्रिया और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सांची की आलीशान होटलों में देह व्यापार सहित अन्य अनैतिक गतिविधियों के मामले को लेकर इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल देखी गई और कई व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारने की कोशिश की गई। सूत्रों के अनुसार, एनएचआरसी को इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के बाद संबंधित मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजे जाने की बात कही जा रही है।इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट संकेत मिल गए हैं कि मानवाधिकार से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। किशोर वर्मा ईएमएस 17/04/2026