हाथरस (ईएमएस) । सिकंद्राराऊ में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला बढ़ने पर धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं।बताया गया कि गढ़मुक्तेश्वर में एक राजनेता द्वारा भानु गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर संगठन में आक्रोश था। इसी क्रम में योगेश प्रताप सिंह ने फेसबुक लाइव के माध्यम से 17 अप्रैल को समर्थकों के साथ गढ़मुक्तेश्वर जाने का आह्वान किया था।शुक्रवार को सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ समर्थक जलेसर रोड होते हुए सिकंद्राराऊ पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और पुरदिल नगर अंडरपास के पास बैरिकेडिंग कर काफिले को रोकने का प्रयास किया। काफिला रोके जाने पर समर्थकों और पुलिस के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। आरोप है कि कुछ समर्थकों ने पुलिस अधिकारियों के साथ अभद्रता की और वाहनों में तोड़फोड़ की।घटना के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर रामनरेश कथित रूप से एक अर्टिगा कार के पहिए के नीचे आकर घायल हो गए। वहीं, सीओ एटा की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार मामले में सैकड़ों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।वहीं, योगेश प्रताप सिंह का कहना है कि समर्थकों को किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या मारपीट न करने के निर्देश दिए गए थे और काफिला शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस को उचित दूरी बनाए रखनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। ईएमएस / 17/04/2026