राज्य
18-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की एक अदालत आज वोटर सूची में नाम शामिल किए जाने से जुड़े मामले में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ दायर आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई करेगी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि भारतीय नागरिकता प्राप्त करने से पहले उनका नाम कथित तौर पर मतदाता सूची में शामिल किया गया। मामले की सुनवाई राउज एवेन्यू कोर्ट में होनी है। इससे पहले 30 मार्च को अदालत ने आंशिक सुनवाई के बाद मामले को 18 अप्रैल तक स्थगित कर दिया था, ताकि बचाव पक्ष अपनी दलीलें पूरी कर सके। यह पुनरीक्षण याचिका अधिवक्ता विकास त्रिपाठी द्वारा दायर की गई है, जिसमें एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच की मांग की गई है। याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई है कि यह मामला एक विदेशी नागरिक द्वारा कथित रूप से गलत घोषणा करने से जुड़ा है और बिना फर्जी दस्तावेजों के ऐसा संभव नहीं हो सकता। याचिकाकर्ता ने अदालत में मतदाता सूची की प्रमाणित प्रतियां पेश करते हुए दावा किया कि प्रथम दृष्टया फर्जी घोषणा का मामला बनता है, जिसकी जांच जरूरी है। हालांकि, सोनिया गांधी की ओर से दलीलें अभी पूरी नहीं हो सकी हैं और अगली सुनवाई में जारी रहेंगी। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ अप्रैल /2026