नई दिल्ली (ईएमएस)। निहाल विहार थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात पार्किंग में आटो लगाने गए आटो चालक की कुछ लोगों से झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान अचेत होकर गिरे चालक को पास के डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। मरने वाले का नाम नारायण वर्मा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर गैर-इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं परिवार वालों ने गला दबाकर उनकी हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। नारायण वर्मा अपनी पत्नी रिंकू देवी और तीन बच्चों के साथ निहाल विहार इलाके में रहते थे। वह पेशे से आटो चालक थे। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात करीब 11.30 बजे निहाल विहार थाना पुलिस को एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की जानकारी मिली। पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक का रात लगभग 11.00 बजे निहाल विहार के वीर बाजार चौक के पास दो लोगों से झगड़ा हुआ था। मृतक के शरीर पर चोट के कोई भी बाहरी निशान नहीं थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ अप्रैल /2026