क्षेत्रीय
18-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। साल 2026 में भारत से हज का सफर शुरू हो गया है। 371 यात्रियों को लेकर शनिवार पहली फ्लाइट रवाना होने जा रही है। हज यात्रियों को कमेटी ने एयरपोर्ट पर फूल-मालाएं पहनाकर रवाना किया है। हज 2026 के जायरीनों का पहला जत्था शनिवार (18 अप्रैल) अरब के मक्का के लिए रवाना हो रहा है। दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां भी हवाई अड्डे पर मौजूद हैं। इस दौरान दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने कहा कि आज हज 2026 की पहली उड़ान है, जिसमें 371 तीर्थयात्री अपनी यात्रा पर निकल रहे हैं। मैं सभी को हार्दिक बधाई देना चाहती हूं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सभी सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है और हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि उनकी यात्रा सुगम, सुखद और आरामदायक हो। बता दें कि हज यात्रियों को कमेटी ने एयरपोर्ट पर फूल-मालाएं पहनाकर रवाना किया है। हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने कि फिलहाल जैसा माहौल चल रहा है इसमें हम अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। भारत सरकार की यह प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि जितना हो सकता था इतना अपनी तरफ से बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया है। पुरानी दिल्ली स्थित दरियागंज निवासी जायरीन मोहम्मद कासिफ हज यात्रा पर जा रहे हैं। अपने सफर को लेकर उन्होंने कहा कि यह ऐसी फीलिंग है जिसे मैं बता नहीं सकता। यह जिंदगी का वो पल है जो बड़े खुशनसीब लोगों को मिलता है और तमाम हज को जाने वाले यात्री इस पल का इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय हज कमेटी में लाखों-करोड़ों लोग हज जाने के लिए फॉर्म भरते हैं। लेकिन चंद लोगों को ही इस सफर पर जाने का मौका मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार की तरफ से हज यात्रा को लेकर बेहद अच्छी व्यवस्था की गई है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ अप्रैल /2026