- शिवपुरी नगर पालिका में रिश्वतखोरी का मामला - नगर पालिका के एआरआई से मांगी जा रही थी रिश्वत, शिकायत के बाद लोकायुक्त की कार्रवाई शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी नगर पालिका में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। जिसमें लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने नगर पालिका में पदस्थ स्थापना बाबू को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शनिवार को लोकायुक्त की टीम ने एक शिकायत के बाद जहां छापामार कार्रवाई करते हुए नगर पालिका की स्थापना शाखा के बाबू भगवान लाल करौलिया को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। लोकायुक्त को नगर पालिका के ही एक निलंबित एआरआई हरिबल्लभ चंदोरिया ने शिकायत की थी कि उन्हें कुछ दिनों पहले उन्हें लंबित किया गया था उनकी बहाली के लिए 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। 20 हजार रुपए पूर्व में दिए गए थे और 40 हजार रुपए और देने थे। इस 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने नपा के स्थापना बाबू भगवान लाल करौलिया को गिरफ्तार किया। बहाल करने के नाम पर पैसे मांगे जा रहे थे- लोकायुक्त ग्वालियर की टीम के साथ शिवपुरी आए निरीक्षक और दल प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल को शिकायतकर्ता हरिभल्लभ चंदौरिया ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में शिकायतकर्ता हरिभल्लभ चंदौरिया ने बताया कि वह नगर पालिका शिवपुरी में एआरआई के पद पर पदस्थ थे। 14 नवंबर 2025 को सीएमओ इशांक धाकड़ ने बिना नोटिस दिए उन्हें निलंबित कर दिया था। निलंबन के बाद उन्हें बहाल करने के नाम पर पैसे मांगे जा रहे थे। सीएमओ के नाम पर 60 हजार रुपए मांगे- हरिभल्लभ चंदौरिया ने बताया कि तीन महीने तक बहाली के नाम पर नगर पालिका के अलग-अलग बाबुओं द्वारा उनसे रिश्वत मांगी जाती रही। इस संबंध में उन्होंने संचनालय में भी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और उल्टा उनके खिलाफ आरोप पत्र जारी कर दिए गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि 16 अप्रैल को स्थापना बाबू भगवान लाल करोलिया ने सीएमओ के नाम पर 60 हजार रुपए की मांग की थी। उसी दिन 20 हजार रुपए देकर बात तय की गई और इसके बाद शिकायत लोकायुक्त को की। इसके बाद तय रकम देने के लिए शनिवार को जब वह पैसे देने गया तो लोकायुक्त ने स्थापना बाबू को रंगे हाथों पकड़ लिया । एफआईआर में जांच के बाद सीएमओ का नाम भी जोड़ा जाएगा- लोकायुक्त दल प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि शनिवार को इस कार्रवाई के दौरान ट्रैप कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास मौजूद ऑडियो टेप में सीएमओ इशांक धाकड़ को पैसे देने की बात रिकॉर्ड है। फिलहाल भगवान लाल करोलिया को आरोपी बनाया गया है। अब आगे की कार्रवाई में जांच में आए अन्य तथ्यों के आधार पर नपा सीएमओ इशांक धाकड़ का नाम भी जोड़ा जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह जांच के बाद होगा। रंजीत गुप्ता/ईएमएस/18/04/2024