क्षेत्रीय
18-Apr-2026
...


भिलाई (ईएमएस) । मानवता की सेवा और समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए भेलवा तालाब, कोहका निवासी स्वर्गीय सुशील देशमुख का मरणोपरांत देहदान किया गया। उनका पार्थिव शरीर चिकित्सा अध्ययन हेतु एम्स रायपुर को समर्पित किया गया, जिससे भविष्य के चिकित्सकों के प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। स्व. सुशील देशमुख ने अपने जीवनकाल में ही अपनी पत्नी सावित्री देशमुख के साथ देहदान का संकल्प लिया था। गत वर्ष उन्होंने ‘प्रनाम’ संस्था के अध्यक्ष पवन केसवानी के माध्यम से देहदान की विधिवत वसीयत जारी की थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों ने ‘प्रनाम’ संस्था को अवगत कराया, जिसके बाद संस्था के सहयोग से पूरे सम्मान और गरिमा के साथ देहदान की प्रक्रिया संपन्न करवाई गई। इस पुनीत कार्य में परिवार के सदस्यों—राकेश देशमुख, विनय देशमुख, कमलाबाई, सावित्री देशमुख, मान्या देशमुख, राधाबाई, रेखा बाई, ज्ञान देशमुख, बलराम देशमुख सहित अन्य परिजनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। साथ ही समाज के अन्य लोगों में मनीष देशमुख भगत, राम सोनी, डोमेन देशमुख, राजू अमृत, करणवीर, मेहुल देशमुख, मयंक देशमुख, पल्लवी देशमुख उपस्थित रहे। ‘प्रनाम’ संस्था के स्वयंसेवक पवन केसवानी, राजेश चौधरी एवं गौरव केसवानी ने भी इस प्रक्रिया में विशेष योगदान दिया। उल्लेखनीय है कि ‘प्रनाम’ संस्था पिछले 18 वर्षों से छत्तीसगढ़ में देहदान और अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। अब तक संस्था द्वारा 2169 लोगों की देहदान की वसीयतें विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में दर्ज करवाई जा चुकी हैं। इनमें से 230 लोगों के निधन के बाद उनकी पार्थिव देह चिकित्सा अध्ययन और अध्यापन के लिए समर्पित की जा चुकी है। संस्था ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भी इस महान कार्य में सहभागी बनें और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बनें। देहदान एवं अंगदान से जुड़ी जानकारी या पंजीकरण के लिए इच्छुक व्यक्ति ‘प्रनाम’ संस्था के हेल्पलाइन नंबर 9479273500 पर संपर्क कर सकते हैं। यह पहल न केवल चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में मानवता, सेवा और जागरूकता का एक सशक्त संदेश भी देती है।