राज्य
18-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई देते हुए भारत और अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका की सराहना की है। ट्रंप ने अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि एक अनुभवी राजनयिक और अमेरिका में पूर्व राजदूत के रूप में संधू ने हमेशा दोनों देशों के रिश्तों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने संधू को दिल्ली की प्रगति और वैश्विक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। इस बीच, संधू ने राजधानी में अमेरिकी स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित फ्रीडम 250 समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात कर दिल्ली में अमेरिकी निवेश बढ़ाने और तकनीकी सहयोग को विस्तार देने पर चर्चा की। संधू ने विश्वास जताया कि भारत और अमेरिका की यह स्थायी साझेदारी राजधानी के निवासियों के लिए विकास के नए अवसर लाएगी। मालूम हो कि तरनजीत सिंह संधू, जो प्रसिद्ध सिख नेता तेजा सिंह समुंद्री के पोते हैं, ने हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की उपस्थिति में शपथ ली है। इस शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ अप्रैल /2026