नई दिल्ली (ईएमएस)। आनलाइन लाटरी जीतने के बहाने लोगों को झांसे में लेकर ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर उत्तरी जिले की साइबर थाना पुलिस ने तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने हाल ही भारतीय रेलवे के सीनियर क्लर्क को झांसे में लेकर 60 हजार रुपये ठगे थे। आरोपितों द्वारा खोले गए अकाउंट से जुड़ी एनसीआरपी पोर्टल पर 10 शिकायतें मिली हैं। इनकी पहचान भलस्वा डेरी के दीपांशु, हैदरपुर के चंदू शर्मा के रूप में हुई है, जबकि तीसरी गिरफ्तार महिला भलस्वा डेरी की रहने वाली है। इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक लैपटाप, चेक बुक और पास बुक बरामद हुई है। पुलिस इनसे पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, भारतीय रेलवे में सीनियर क्लर्क के रूप में कार्यरत भीम चंद ने एनसीआरपी पोर्टल पर 60 हजार की धोखाधड़ी के बारे में आनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर 11 करोड़ तक के इनाम वाली लाटरी का एक विज्ञापन देखा, जिसकी टिकट 500 रुपये थी। उन्होंने टिकट की पेमेंट की एक नवंबर को बताया गया कि उन्होंने 10 लाख का लाटरी इनाम जीता है और संबंधित दस्तावेज उन्हें भेज दिए गए। इसके बाद, काल कर इनाम लेने के लिए इनकम टैक्स, एनओसी, दूसरे चार्ज आदि के 60 मांगे गए जो उन्होंने पांच ट्रांजैक्शन में पेमेंट की। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ अप्रैल /2026