वैशाली, (ईएमएस)। बिहार के वैशाली जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी के वाहनों के साथ 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वैशाली पुलिस स्टेशन क्षेत्र में छापेमारी के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चोरी की कई गाड़ियां बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह विभिन्न जिलों में सक्रिय था और वाहनों की चोरी कर उन्हें दूसरे जिलों में बेच देता था। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है। वहीं इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है। - संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस