- भीषण गर्मी को देखते हुए पार्षद हिमांशु देवांगन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखा पत्र कोरबा (ईएमएस) छत्तीसगढ़ में सूरज के तीखे तेवरों ने आम जनजीवन को झुलसाना शुरू कर दिया है। पारा चढ़ने के साथ ही कोरबा-पश्चिम दीपका नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल का संकट गहराने लगा है। भीषण गर्मी के बीच मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर राहगीरों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद हिमांशु देवांगन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एक पत्र लिखकर तत्काल पुख्ता इंतजाम करने मांग की है।पार्षद हिमांशु देवांगन ने अपने पत्र के माध्यम से प्रशासन का ध्यान नगर की बदहाल जल व्यवस्था की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा लाखों की लागत से सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए आरओ प्लांट वर्तमान में शोपीस बनकर रह गए हैं। रख-रखाव के अभाव में ये प्लांट बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को शुद्ध शीतल जल नसीब नहीं हो रहा है। भीषण गर्मी में निर्धन वर्ग और दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों की पीड़ा को साझा करते हुए पार्षद ने कहा की “मुख्य बाजार में रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। वर्तमान में एक भी प्याऊ केंद्र सक्रिय नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में महंगी बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं या प्यासा रहना पड़ रहा है। नगर पालिका प्रशासन को जनहित में तत्काल प्रमुख चौराहों पर ‘ग्रीष्मकालीन प्याऊ घर’ स्थापित करने चाहिए।” - 18 अप्रैल / मित्तल