राज्य
18-Apr-2026


* आणंद जिले में नगर पालिका चुनाव से पहले राजनीति हुई गर्म, कांग्रेस बनाम भाजपा में सगे भाइयों की टक्कर आणंद (ईएमएस)| गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की सरगर्मी के बीच राजनीतिक दल प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी बीच आणंद जिले के तारापुर से एक बड़ी और बेहद दिलचस्प राजनीतिक खबर सामने आई है। यहां कहावत “खून एक, रास्ते अलग” पूरी तरह सच होती नजर आ रही है। तारापुर नगर पालिका चुनाव से पहले एक अनोखी स्थिति बनी है, जहां एक ही परिवार के दो सगे भाई अब चुनावी मैदान में आमने-सामने खड़े हैं। वॉर्ड नंबर-6 से एक ओर पूनम माधाभाई परमार कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, तो दूसरी ओर उनके भाई चंदु माधाभाई परमार भाजपा प्रत्याशी बनकर चुनौती दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक समय दोनों भाई सार्वजनिक जीवन में साथ मिलकर सक्रिय थे, लेकिन अब राजनीतिक विचारधारा और पार्टी लाइन ने उन्हें प्रतिद्वंद्वी बना दिया है। पूनम परमार पहले दो बार विधायक रह चुके हैं और अब एक बार फिर कांग्रेस के बैनर तले अपना राजनीतिक प्रभाव मजबूत करने की कोशिश में हैं। वहीं, चंदु परमार अमूल से जुड़े अपने अनुभव और स्थानीय पहचान के दम पर भाजपा उम्मीदवार के रूप में मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। यह मुकाबला सिर्फ दो उम्मीदवारों के बीच नहीं, बल्कि रिश्तों और राजनीति के टकराव का भी प्रतीक बन गया है। एक ही घर के दो सदस्य अलग-अलग विचारधाराओं के साथ चुनावी मैदान में उतरने से तारापुर की राजनीति में जबरदस्त गर्माहट आ गई है। नगर पालिका की पहली ही चुनावी जंग में बने इस अनोखे समीकरण ने लोगों के बीच चर्चा तेज कर दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि मतदाता इस बार क्या चुनेंगे - परिवार का रिश्ता या राजनीतिक विचारधारा? सतीश/18 अप्रैल