:: बंगाल की पैडलर ने देहरादून में रचा इतिहास, फाइनल में दिव्यांशी को दी मात; सोमवार से शुरू होंगे लड़कों के मुकाबले :: देहरादून (ईएमएस)। देवभूमि की वादियों में पश्चिम बंगाल की उभरती पैडलर सिंड्रेला दास की स्वर्णिम सफलता ने शनिवार को नया इतिहास रच दिया। परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित 87वीं नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में सिंड्रेला ने अपने विजयी रथ की रफ्तार बरकरार रखते हुए अंडर-19 सिंगल्स खिताब पर कब्जा जमाया और रेयर डबल (दुर्लभ दोहरा खिताब) का कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। इसी चैंपियनशिप में अंडर-17 का स्वर्ण पदक पहले ही जीत चुकी सिंड्रेला ने शनिवार को अंडर-19 के खिताबी रण में भी अपनी श्रेष्ठता का लोहा मनवाया और राष्ट्रीय फलक पर सत्र की सबसे सफल खिलाड़ी बनकर उभरीं। अंडर-19 सिंगल्स के खिताबी मुकाबले में सिंड्रेला ने महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक को 7-11, 11-4, 11-9, 11-6, 11-4 से पराजित कर यह बड़ी कामयाबी हासिल की। सिंड्रेला की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि हाल ही में उन्होंने इंदौर में आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीतकर अपनी चमक बिखेरी थी। :: थकान दिव्यांशी पर पड़ी भारी :: फाइनल मुकाबले के दौरान प्रतिद्वंद्वी दिव्यांशी भौमिक पर थकान का असर साफ दिखाई दिया। उन्होंने शनिवार को दो डबल्स मुकाबलों सहित कुल सात कड़े मैच खेले थे, जिसका प्रभाव उनकी गति पर पड़ा। यद्यपि दिव्यांशी ने पहले गेम में सिंड्रेला को चौंकाते हुए बढ़त बनाई थी, लेकिन बंगाल की खिलाड़ी ने इसके बाद शानदार वापसी की। सिंड्रेला ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए अगले चार गेम लगातार जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इससे पहले सेमीफाइनल में दिव्यांशी ने दिल्ली की दीया ब्रह्मचारी को और सिंड्रेला ने दिल्ली की सयानिका माझी को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था। :: अंडर-17 फाइनल में भी सिंड्रेला का दबदबा :: सिंड्रेला ने अंडर-17 सिंगल्स के फाइनल में भी अपना दबदबा कायम रखा था, जहाँ उन्होंने दिव्यांशी भौमिक को ही एक अन्य कड़े मुकाबले में 12-10, 11-1, 4-11, 10-12, 11-2, 11-8 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीता था। अंडर-17 के सेमीफाइनल मुकाबलों में सिंड्रेला ने महाराष्ट्र की नायशा रेवास्कर को हराकर खिताबी भिड़ंत तय की थी। :: डबल्स में कर्नाटक और बंगाल की जोड़ियां बनीं चैंपियन :: डबल्स मुकाबलों के परिणामों पर नजर डालें तो अंडर-19 गर्ल्स डबल्स के खिताबी मैच में कर्नाटक की तनिष्का कालभैरव और हिमांशी चौधरी की जोड़ी ने बाजी मारी। उन्होंने पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में महाराष्ट्र की हार्डी पटेल और दिव्यांशी भौमिक को 9-11, 11-8, 11-7, 7-11, 11-6 से शिकस्त दी। वहीं अंडर-17 डबल्स वर्ग में पश्चिम बंगाल की अंकोलिका चक्रवर्ती और अहोना रे की जोड़ी ने खिताब पर कब्जा जमाया। :: आज विश्राम, कल से पुरुष वर्ग की चुनौती :: टूर्नामेंट के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गर्ल्स इवेंट्स के समापन के बाद आज यानी रविवार को चैंपियनशिप में विश्राम का दिन रहेगा। आयोजन स्थल पर तकनीकी बदलाव और लड़कों के इवेंट्स की तैयारी की जाएगी। प्रतियोगिता का दूसरा चरण सोमवार से शुरू होगा, जिसमें देशभर के जूनियर और यूथ वर्ग के पैडलर्स अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। गर्ल्स वर्ग में सिंड्रेला दास के इस डबल धमाके ने बंगाल के खेमे में उत्साह भर दिया है। प्रकाश/19 अप्रैल 2026