खेल
18-Apr-2026
...


:: ग्वालियर में इंदौर के टेनिस सितारों ने बिखेरी चमक :: इंदौर/ग्वालियर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश टेनिस संघ के तत्वाधान में ग्वालियर चंबल टेनिस संघ एवं खेल व युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित स्व. आर.एल. वर्मा मेमोरियल द्वितीय मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय रैंकिंग टेनिस टूर्नामेंट में इंदौर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबलों में इंदौर की होनहार खिलाड़ियों दीविना धूपर और आन्या राठी ने अपने-अपने आयु वर्ग में एकल खिताब जीतकर स्टेट चैंपियन बनने का गौरव अर्जित किया। वहीं, बालक वर्ग के संघर्षपूर्ण फाइनल में सौरीश गुप्ता ने जीत दर्ज कर खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बालिका अंडर-12 वर्ग के फाइनल में इंदौर की दीविना धूपर ने शुरुआत से ही अपनी प्रतिद्वंद्वी पर मानसिक बढ़त बनाए रखी। दीविना ने भोपाल की श्रुति शर्मा को खेल के हर विभाग में पछाड़ते हुए 6-0, 6-3 के सीधे सेटों में शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। उधर, बालिका अंडर-14 वर्ग के फाइनल में इंदौर की आन्या राठी का सामना भी भोपाल की श्रुति शर्मा से हुआ। पहले सेट में अंकों के लिए हुई कड़ी जद्दोजहद को आन्या ने 7-5 से अपने पक्ष में किया और दूसरे सेट में 6-3 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं बालक अंडर-12 वर्ग का फाइनल मुकाबला पूरी तरह इंदौर के खिलाड़ियों के नाम रहा। सौरीश गुप्ता और मानवीरसिंह होरा के बीच खेले गए इस मैराथन मैच में रोमांच अपने चरम पर था। सौरीश ने पहला सेट 6-4 से जीता, लेकिन मानवीर ने दूसरा सेट 4-6 से जीतकर जोरदार वापसी की। निर्णायक सेट में अंकों की भारी कशमकश के बीच सौरीश ने धैर्य का परिचय दिया और 11-9 से बाजी मारते हुए एकल खिताब जीता। उपविजेता रहे मानवीर के खेल को भी काफी सराहा गया। इंदौर के इन उभरते सितारों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मध्य प्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष अनिल महाजन, सचिव अनिल धूपर एवं समस्त पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन नन्हे खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश में टेनिस के बढ़ते स्तर को नई पहचान मिल रही है। प्रकाश/18 अप्रैल 2026