-पटना में नए मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे नीतीश, मुस्कुराते हुए कंधे पर हाथ रखा पटना(ईएमएस)। 24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस दौरान विश्वास मत प्रस्ताव पेश कर सदन में बहुमत साबित करेंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीएम सम्राट से 5 देशरत्न मार्ग स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों के बीच मौजूदा राजनीतिक हालातों पर करीब 20 मिनट बातचीत हुई। नीतीश ने दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव से भी मुलाकात की है। सम्राट से मिलने के बाद नीतीश मुस्कुराते दिखे। इसके बाद नीतीश ने सम्राट के कंधे पर हाथ रखा। इधर, बिहार में नई सरकार बनने के बाद लगातर शराबबंदी खत्म करने की मांग उठ रही है। इस बीच सीएम सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि बिहार में शराबबंदी जारी रहेगी। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार के इस फैसले की तारीफ पीएम मोदी भी कर चुके हैं इसलिए इस फैसले पर पुनर्विचार का सवाल ही नहीं उठता है। मोकामा विधायक अनंत सिंह ने मांग की थी कि बिहार से शराबबंदी खत्म होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लागू कराने के समय मैंने भी समर्थन किया था. लेकिन लोग अभी भी शराब पी रहे हैं। गलत नशा कर रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 18 अप्रैल, 2026