- 60 से 90 दिन में मिलेगी राशि; उपभोक्ताओं को भी अप्रत्यक्ष लाभ की उम्मीद यॉर्क (ईएमएस)। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए विवादास्पद आयात शुल्कों की वापसी का मार्ग प्रशस्त हो गया है। अमेरिकी उच्चतम न्यायालय द्वारा इन शुल्कों को असंवैधानिक करार दिए जाने के बाद संबंधित कंपनियों के लिए रिफंड का दावा दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। यह उन हजारों आयातकों के लिए राहत लेकर आया है जिन्होंने अरबों डॉलर का भुगतान किया था। अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (सीबीपी) के अनुसार, आयातक और उनके एजेंट सोमवार सुबह आठ बजे से एक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से रिफंड का दावा कर सकते हैं। सीबीपी ने बताया कि स्वीकृत दावों पर रिफंड जारी होने में 60 से 90 दिन का समय लग सकता है। यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी, जिसमें पहले हाल ही में किए गए भुगतान शामिल होंगे। न्यायालय ने माना था कि ट्रंप ने आपातकालीन शक्तियों का गलत इस्तेमाल किया था, जिससे अमेरिकी संसद के कर निर्धारण अधिकार का उल्लंघन हुआ। सीबीपी के आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 3,30,000 आयातकों ने करीब 166 अरब डॉलर के शुल्क का भुगतान किया था। हालांकि, फिलहाल रिफंड प्रक्रिया के पहले चरण में कुछ ही मामलों को शामिल किया गया है। इस निर्णय से कुछ मामलों में उपभोक्ताओं को भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की संभावना है, हालांकि यह प्रक्रिया धीरे-धीरे आगे बढ़ेगी। सतीश मोरे/20अप्रैल ---