- कंपनी की इस इश्यू के जरिए 600-700 मिलियन डॉलर जुटाने की योजना मुंबई (ईएमएस)। डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म रेज़रपे जल्द ही अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी इस इश्यू के जरिए 600-700 मिलियन डॉलर जुटाने की योजना बना रही है। इसकी संभावित वैल्यूएशन 5-6 बिलियन डॉलर आंकी गई है, जो इसके पूर्व के पीक से काफी कम है और बाजार में स्टार्टअप्स के प्रति बढ़ती सतर्कता का संकेत है। रेज़रपे कॉन्फिडेंशियल फाइलिंग रूट का इस्तेमाल करेगी, जिसके तहत कंपनियां अपने वित्तीय विवरणों को तुरंत सार्वजनिक किए बिना सेबी के पास आईपीओ दस्तावेज जमा कर सकती हैं। यह रणनीति हाल के समय में स्विगी, ग्रो और मीशो जैसी कंपनियों द्वारा भी अपनाई गई है, जो उन्हें बाजार की स्थिति को देखते हुए लचीलापन देती है। हालांकि, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि रेज़रपे की संभावित वैल्यूएशन 5-6 बिलियन डॉलर है, जो 2022 में इसके 7.5 बिलियन डॉलर के पीक से काफी कम है। यह गिरावट बढ़ती प्रतिस्पर्धा, धीमी पेमेंट ग्रोथ और कंपनी के लगातार घाटे के बीच आई है। सार्वजनिक बाजार के निवेशक अब पहले की तुलना में अधिक चयनात्मक हो गए हैं और वे उन कंपनियों को प्राथमिकता दे रहे हैं जिनके पास स्पष्ट मुनाफे का रोडमैप या मजबूत ग्रोथ नंबर हों। हाल ही में फोनपे ने भी कम वैल्यूएशन ऑफर होने के कारण अपने आईपीओ की योजना को फिलहाल टाल दिया था। ऐसे में रेज़रपे को निवेशकों को अपनी प्रॉफिटेबिलिटी और भविष्य की ग्रोथ को लेकर आश्वस्त करना होगा। यह आईपीओ भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए एक महत्वपूर्ण टेस्ट साबित होगा कि बाजार अब हाई वैल्यूएशन के बजाय यथार्थवादी मूल्यांकन पर कितना जोर देता है। सतीश मोरे/20अप्रैल ---