अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात एटीएस ने देशविरोधी गतिविधियों और कथित कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिद्धपुर और मुंबई में संयुक्त रूप से की गई। एटीएस को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सिद्धपुर निवासी 22 वर्षीय इरफान पठाण को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ संदिग्ध नेटवर्क से संपर्क में था और देशविरोधी गतिविधियों की साजिश रचने की कोशिश कर रहा था। गुजरात एटीएस की जांच के दौरान दोनों आतंकी के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक चैट, संदिग्ध सामग्री तथा डिजिटल डेटा मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी विभिन्न राज्यों में समान विचारधारा वाले लोगों को जोड़ने और नेटवर्क तैयार करने का प्रयास कर रहा था। इस मामले की आगे की जांच में मुंबई निवासी 21 वर्षीय मुर्शिद शेख का नाम भी सामने आया, जिसके बाद एटीएस ने उसे मुंबई से गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल से भी संदिग्ध चैट और आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात कही गई है। एटीएस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 11 दिन की रिमांड हासिल की है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क, संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य संभावित जुड़े लोगों की भी तलाश जारी है। चेतना/21 अप्रैल