:: राजस्व, भवन अनुज्ञा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी शिकायतों का रहा बाहुल्य; नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने नागरिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को फाइलें प्रेषित कर समय-सीमा में निराकरण के आदेश दिए। दोपहर में शुरू हुई जनसुनवाई में शहर के विभिन्न कोनों से आए नागरिकों ने अपनी व्यथा सुनाई। प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक मामले राजस्व, मार्केट, भवन अनुज्ञा (बीओ), स्वास्थ्य, रिमूवल, सीवरेज और जनकार्य विभाग से संबंधित थे। कुछ नागरिकों ने अवैध निर्माण और ड्रेनेज लाइन की समस्या को लेकर भी आवेदन दिए। आयुक्त सिंघल ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उन्हें तत्काल संबंधित अपर आयुक्तों और विभागाध्यक्षों को अग्रसारित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों की वस्तुस्थिति की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही की जाए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के आवेदनों को लंबित न रखा जाए और आवेदक को की गई कार्यवाही से अवगत कराया जाए। प्रकाश/21 अप्रैल 2026