राज्य
21-Apr-2026


चर्चा में दून के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख व्यवसायिक प्रतिष्ठानों ने लिया भाग देहरादून (ईएमएस)। दून के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख व्यवसायिक प्रतिष्ठानों ने स्थानीय व्यवसाय और कानून-प्रवर्तन देहरादून परिप्रेक्ष्य विषय पर एक राउंडटेबल चर्चा में भाग लिया। इस दौरान यह संवाद शहर में कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कमियों और उनके व्यवसायिक माहौल व सामाजिक ताने-बाने पर पड़ने वाले प्रभावों पर गंभीर विचार-विमर्श के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। बैठक में दून के व्यापार जगत ने कानून व्यवस्था पर चिंता जताई और त्वरित सुधार ओर बेहतर समन्वय की पुरजोर तरीके से मांग उठाई। यहां इस बैठक का संयुक्त आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल और शहर के रेस्टोरेंट व्यवसायी आनंद कांती ने संयुक्त रूप से किया गया। बैठक में हॉस्पिटैलिटी, होटल, शिक्षा, परिवहन, उद्योग, रिटेल सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिन्होंने शहर में कानूनी एनफोर्समेंट और प्रशासनिक जवाबदेही में गिरावट को लेकर अपनी साझा चिंता व्यक्त की। वहीं चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने एनफोर्समेंट तंत्र के कमजोर पड़ने पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित गतिविधियां, नियमों का असंगत पालन और जवाबदेही की कमी ने अनिश्चितता का माहौल बना दिया है, जिससे न केवल व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास भी कम हो रहा है। बैठक में एक प्रमुख मुद्दा हितधारकों और प्रशासन के बीच बढ़ती दूरी का रहा। प्रतिभागियों ने बताया कि व्यवसायों और नागरिकों द्वारा उठाए गए वास्तविक मुद्दे अक्सर अनसुने रह जाते हैं, जिससे निराशा और शासन व्यवस्था पर भरोसा कम होता है। बैठक में सभी ने पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन की आवश्यकता पर जोर दिया, साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय की मांग की। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/21 अप्रैल 2026