इन्दौर (ईएमएस) महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई एक ट्रैप कार्रवाई में लोकायुक्त पुलिस टीम ने पीडब्ल्यूडी के तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते पकड़ा और उनसे कुल 2.50 लाख रुपए रिश्वत की राशि जब्त की। ट्रैप टीम में टीआई आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और विवेक मिश्रा सहित अन्य सदस्य शामिल थे। इस ट्रैप कार्रवाई में टीम द्वारा पकड़ाएं अधिकारियों के नाम जयदेव गौतम (कार्यपालन यंत्री, संभाग-1, इंदौर), टीके जैन (अनुविभागीय अधिकारी, पीडब्ल्यूडी संभाग-1) और अंशु दुबे (उपयंत्री, संभाग-1, इंदौर) हैं। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आयोजित इस ट्रैप कार्रवाई में जयदेव गौतम को उसके शासकीय निवास से 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा वहीं टीके जैन को कार्यालय परिसर के पोर्च के नीचे से 1 लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। बताया आरोपी अंशु दुबे ने भी 1 लाख रुपए की मांग की थी, लेकिन कम राशि उपलब्ध होने के कारण उसने रकम नहीं ली। लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार अंतिम बिल भुगतान के बदले अधिकारियों ने 3.50 लाख रुपए की रिश्वत मांग की थी जिसकी शिकायत फरियादी राजपाल सिंह पंवार निवासी धार ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में की थी। शिकायत में पंवार ने बताया था कि वह पटेल इंटरप्राइजेस का संचालक होकर एक शासकीय ठेकेदार हैं और वर्ष 2023 में उनकी फर्म ने मैथवाड़ा फोरलेन पहुंच मार्ग का कार्य 4.73 करोड़ रुपए में लिया था, जिसे 4.51 करोड़ रुपए में पूरा किया जिसका अंतिम भुगतान लंबे समय से लंबित था और उसके एवज में ही उक्त अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। लोकायुक्त कार्यालय द्वारा सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद आज ट्रैप दल गठित कर कार्रवाई की गई। और उक्त आरोपियों को गिरफतार कर उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आनंद पुरोहित/ 21 अप्रैल 2026