क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


जमीन का सीमांकन न होने से परेशान थी महिला अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा बालाघाट (ईएमएस). कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक महिला पेट्रोल और माचिस लेकर पहुंच गई और आत्मदाह की धमकी देने लगी। लंबे समय से अपनी शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज महिला ने मीडिया के सामने अपनी व्यथा सुनाई, जिसके बाद अधिकारी तत्काल बाहर आकर उससे बातचीत करने लगे। जानकारी के अनुसार, वारासिवनी क्षेत्र के सिकंद्रा निवासी नौशाद कुरैशी पिछले एक वर्ष से अपनी जमीन के सीमांकन को लेकर परेशान हैं। उनका आरोप है कि उन्होंने कई बार जनसुनवाई में आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसे भी जबरन बंद करा दिया गया। मंगलवार को जनसुनवाई में महिला पेट्रोल और माचिस लेकर पहुंची और आत्मदाह की चेतावनी दी। मामला सामने आते ही प्रशासन में हडक़ंप मच गया और अधिकारी कक्ष से बाहर निकलकर महिला से चर्चा करने पहुंचे। पड़ोसी पर बिना सीमांकन मकान निर्माण का आरोप महिला का आरोप है कि उनके पड़ोसी किशोर कटरे द्वारा बिना सीमांकन कराए मकान का निर्माण किया जा रहा है। इससे उनकी जमीन का हिस्सा प्रभावित हो रहा है, जिसके चलते वह लगातार सीमांकन की मांग कर रही हैं। पीडि़त महिला का कहना है कि उनकी भूमि से सटाकर पड़ोसी द्वारा मकान का निर्माण किया जा रहा है। पूर्व में सीमांकन के लिए आवेदन दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस कार्य के लिए वह एक वर्ष से भटक रही है। अभी तक 10 आवेदन दिए जा चुके हैं। बावजूद इसके सुनवाई नहीं हो रही है। मजबूरी में आज जनसुनवाई में वह पेट्रोल और माचिस लेकर पहुंची थी। बुधवार को जमीन के सीमांकन का दिया आश्वासन इधर, कलेक्ट्रेट परिसर में पीडि़त महिला द्वारा हंगामा किए जाने के बाद अधिकारी अपने कक्ष से बाहर आए। उन्होंने महिला से चर्चा की। उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद बुधवार को उनकी जमीन का नियमानुसार सीमांकन करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद महिला शांत हुई। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ है, लेकिन महिला ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय पर सीमांकन नहीं हुआ, तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होगी। भानेश साकुरे / 21 अप्रैल 2026