आरोपियों से हथियार किए जब्त, सभी को न्यायालय में किया पेश बालाघाट (ईएमएस). जिले के हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम कोहकाडीबर में शादी समारोह के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सरपंच पति आतिश लिल्हारे पर प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ़्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल की रात ग्राम कोहकाडीबर में एक शादी समारोह के दौरान डांस को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सरपंच पति आतिश लिल्हारे पर प्राणघातक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में हट्टा थाना पुलिस ने पहले ही 3 आरोपियों को 16 अप्रैल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लोहे की रॉड सहित अन्य हथियार जब्त किए थे। वहीं फरार 6 अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शेष आरोपी गांव में ही छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने 20 अप्रैल की रात दबिश देकर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को 21 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई। हट्टा पुलिस की त्वरित और लगातार कार्रवाई से प्राणघातक हमले के मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो गई है। इन्हें किया गिरफ्तार हट्टा थाना पुलिस ने इस मामले में कोहकाडीबर के वार्ड क्रमांक 9 निवासी चिमनलाल बिरनवार उम्र 65 साल, राजू बिरनवार उम्र 35 साल, गुड्डु उर्फ मोतीलाल बिरनवार उम्र 40 साल, शैलेन्द्र मस्करे उम्र 45 साल, सीताराम मस्करे उम्र 45 साल और योगेश बिसेन को गिरफ्तार किया है। भानेश साकुरे / 21 अप्रैल 2026