* खुशी के समारोह में जा रहा परिवार मातम में बदला, 28 लोग थे वाहन में सवार वलसाड (ईएमएस)| दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले के कपराडा तालुका में आज एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वीरक्षेत्र के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक परिवार के सदस्य पिकअप वाहन में सवार होकर एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक, करीब 28 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन वीरक्षेत्र के पास पहुंचा, चालक ने अचानक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण वाहन सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में बैठे कई लोग दूर जा गिरे। मृतकों में महिलाओं और बच्चों के होने की भी आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। साथ ही पुलिस और एंबुलेंस 108 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कपराडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वलसाड तथा आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार के खुशी के मौके पर निकले लोगों पर अचानक आई इस त्रासदी से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सतीश/22 अप्रैल