राज्य
22-Apr-2026
...


:: जनसंवाद : कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मोहल्ला मीटिंग; छात्रों को दी नशे के दुष्प्रभावों और यातायात नियमों की सीख :: इंदौर (ईएमएस)। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने और विश्वास की डोर को अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भंवरकुआं क्षेत्र में विशेष जनसंवाद और मोहल्ला मीटिंग का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने न केवल नागरिकों की समस्याएं सुनीं, बल्कि उनके त्वरित निराकरण के लिए आश्वस्त भी किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त (जोन-04) आनंद कलादगी ने रहवासियों के बीच पहुँचकर उनसे सीधा संवाद किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल, सहायक पुलिस आयुक्त विजय चौधरी और थाना प्रभारी संतोष दूधी भी मौजूद रहे। डीसीपी ने रहवासियों द्वारा उठाई गई क्षेत्रीय समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने भी कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में पुलिस का पूर्ण सहयोग करने का संकल्प लिया। :: छात्रों को भविष्य और सुरक्षा का पाठ :: चूंकि भंवरकुआं क्षेत्र शहर का प्रमुख एजुकेशन हब है, इसलिए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। अधिकारियों ने युवाओं से उनके भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। साथ ही, बढ़ते सायबर फ्रॉड से बचने के तरीके और सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। :: निरंतर चलेगा जागरूकता अभियान :: नगरीय इंदौर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इन दिनों पुलिस द्वारा मोहल्ला समिति की बैठकों का सिलसिला जारी है। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य नागरिकों और पुलिस के मध्य विश्वास का वातावरण निर्मित करना है। पुलिस का मानना है कि सामाजिक मुद्दों, सायबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता पर जन-भागीदारी के माध्यम से ही कड़े प्रहार किए जा सकते हैं। इस पहल को क्षेत्र के रहवासियों ने भी खूब सराहा और इसे सुरक्षित इंदौर की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। प्रकाश/22 अप्रैल 2026