राज्य
22-Apr-2026


बदलापुर, (ईएमएस)। मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बदलापुर पूर्व पुलिस थाना में शिकायत दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदलापुर पूर्व निवासी दिपक मनोहर गुजराथी (57) ने आपटेवाड़ी, बदलापुर पूर्व में रहने वाले किरण विलास दाने के खिलाफ विश्वासघात का आरोप लगाया है। अपनी शिकायत में गुजराथी ने बताया कि सितंबर 2023 से लेकर 1 अप्रैल 2026 के बीच आरोपी ने खुद को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के मालिकों से पहचान होने की बात बताते हुए उनकी बेटी का मेडिकल (एमबीबीएस) में एडमिशन कराने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी बहाने आरोपी ने बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनसे करीब 5 लाख रुपये लिए। लेकिन न तो अब तक एडमिशन कराया गया और न ही रकम वापस की गई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक श्री चव्हाण द्वारा की जा रही है। संतोष झा-२२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस