राज्य
22-Apr-2026


इन्दौर (ईएमएस) साइबर ठगोरो और ठगी के खिलाफ लगातार चलाएं जा रहे शहर पुलिस के जागरूकता अभियान के बावजूद साइबर ठगी के मामलों को अंजाम देने में ये साइबर ठगोरे कामयाब हो रहे हैं। ऐसे ही एक ताजा मामले में साइबर ठगोरो ने क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर एक युवती से 2 लाख 47 हजार रुपए ठग लिए। जबकि युवती खुद भी एक निजी बैंक की फाइनेंस रिलेशनशिप मैनेजर हैं। मामला मल्हारगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पच्चीस वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराते पुलिस को बताया कि उसका एचडीएफसी बैंक में खाता है और जनवरी 2026 में उसे क्रेडिट कार्ड मिला था। कार्ड की जरूरत नहीं होने पर उसने कार्ड बंद करवाने के लिए गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। जिसके बाद गत 14 अप्रैल को आए कॉल में आरोपी ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बता क्रेडिट कार्ड बंद कराने के लिए मोबाइल पर पे जिप एप डाउनलोड कराकर लॉगिन कराया और 48 घंटे में कार्ड बंद होने की बात कही। लेकिन कॉल कटने के बाद लगातार 5 ट्रांजेक्शन के मैसेज उसके फोन पर आए जिनमें कुल 2 लाख 47 हजार रुपए क्रेडिट कार्ड से कट गए। जिसके बाद युवती ने बैंक से संपर्क किया, लेकिन तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। जिस पर युवती ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई जहां से सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 22 अप्रैल 2026