क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


- पूर्व उपमुख्यमंत्री के सुझाव पर केंद्र ने दी सहमति - ग्राम लेमरू क्षेत्र में बनेंगे अंडरपास कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत अंबिकापुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन में अपग्रेड करने की प्रक्रिया के बीच अब ग्राम लखनपुर में बायपास और लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र में वन्यजीव अनुकूल सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। यह निर्णय पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भेजे गए सुझाव पत्र के बाद लिया गया है। उल्लेखनीय है कि अंबिकापुर से कटघोरा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग-130 को फोरलेन में बदलने की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने का कार्य जारी है। यह मार्ग सरगुजा, सूरजपुर और कोरबा जिलों के उस वन क्षेत्र से गुजरता है, जिसे लेमरू हाथी प्रोजेक्ट के रूप में अधिसूचित किया गया है। इस मार्ग पर स्थित लखनपुर नगर में बायपास के अभाव में भारी यातायात का दबाव बना रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए श्री सिंहदेव ने 8 मार्च को भेजे पत्र में दो प्रमुख सुझाव दिए थे। पहला, लखनपुर नगर को यातायात के दबाव से मुक्त करने बायपास का निर्माण, और दूसरा, लेमरू क्षेत्र में सड़क निर्माण को वन्यजीवों के अनुकूल बनाने का। उन्होंने सुझाव दिया था कि भारतमाला परियोजना के मानकों के अनुसार इस फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाए, जिसमें वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए एनिमल बैरिकेडिंग और पर्याप्त संख्या में अंडरपास बनाए जाएं। उनके इन सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने 20 अप्रैल को डीपीआर तैयार कर रही सलाहकार संस्था को आवश्यक संशोधन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस पहल से जहां एक ओर लखनपुर में यातायात व्यवस्था सुधरेगी, वहीं दूसरी ओर लेमरू क्षेत्र में वन्यजीवों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। 23 अप्रैल / मित्तल