क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली में जीटीबी अस्पताल की रेड लाइट पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को रेड लाइट जंप करने वाले कार चालक ने टक्कर मार दी। कार रोकने के बजाय आरोपी करीब 100 मीटर तक एएसआई को घसीटता हुआ ले गया। बताया गया कि बोनट से नीचे गिरकर पुलिसकर्मी बुरी तरह से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घायल हालत में विकास कुमार को जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, पीड़ित की शिकायत पर जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने सरकारी कर्मचारी को चोट पहुंचाने, जीवन को खतरे में डालने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पीड़ित अपने साथी गौरव के साथ जीटीबी अस्पताल की रेड लाइट पर ड्यूटी कर रहे थे। उसी दौरान उनकी नजर पड़ी की, आई-10 कार ने रेड लाइट जंप कर दी। पहले गौरव ने हाथ से इशारा कर चालक से कार रोकने को कहा। वह नहीं माना। फिर एएसआई विकास ने हाथ से इशारा किया। आरोप है कि चालक ने एएसआई को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही एएसआई कार के बोनट पर गिर गए। चालक ने कार दौड़ा दी। जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी ने वाइपर पकड़ लिए। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/ अप्रैल /2026