क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


- हालत नाजुक,जमीनी विवाद को लेकर वारदात : पुलिस के हाथ लगे पुख्ता सुराग जबलपुर, (ईएमएस)। गुरुवार की सुबह रांझी थानांतर्गत शिव शक्ति चौराहे में एक सिविल कांट्रेक्टर पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उस वक्त गोलियां चलाईं जब वह अपने बच्चें को स्कूल छोडकर घर लौट रहा था। इसके बाद जहां घायल कांट्रेक्टर बाइक से नीचे गिर गया तो वहीं हमलावर मौके से भाग निकले। घायल युवक को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वारदात के पीछे जमीनी विवाद कारण बताया जा रहा है। बहरहाल अब तक की पडताल के बाद पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के गिरेबां तक अपने हाथ लगभग पहुंचा दिए हैं। जल्दी ही वारदात का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस ने किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जानकारी के मुताबिक ओएफके और नगर निगम में सिविल वर्क के ठेके लेने वाला 32 वषीय क्लेरिंस उर्फ राजा सुबह लगभग 8 बजे अपने बच्चो को स्कूल छोडने के बाद बाइक से रांझी जा रहा था। अभी वह रांझी शिव शक्ति चौराहे तक पहुंचा ही था कि इसी दौरान चेहरा ढंके दो युवक बाइक से उसके पास पहुंचे और उसके बगल से ही उसके सिर पर गोली दागकर मौके से फरार हो गए। इस हमले में राजा के सिर से खून की धार बह निकली और वह बाइक से नीचे गिर गया। चौराहे पर युवक को गोली मारे जाने की वारदात की सूचना मिलते ही रांझी सीएसपी सतीश साहू और थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी दलबल सहित मौके पर पहुंच गए। घायल को उपचार के लिए मेडीकल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत इन पंक्तियों के ‎लिखे जाने तक नाजुक बनी हुई है। फिलहाल, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज व घटना स्थल के आसपास लोगों से भी गहन पूछताछ की गई है जिसके बाद कुछ पुख्ता सुराग हाथ लगे हैं और जल्दी ही आरोपियों को दबोच लेगी। वारदात किसी जमीन के विवाद को लेकर की गई बतायी जा रही है। ईएमएस/ 23 अप्रैल 2026