नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2026 के लिए कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा (सैकिन्ड बोर्ड एक्जाम) की डेटशीट जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 15 मई 2026 से शुरू होकर 21 मई 2026 तक चलेंगी। डेटशीट के मुताबिक पहली परीक्षा 15 मई को गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) विषय की होगी। इसके बाद 16 मई को अंग्रेजी, 18 मई को विज्ञान, और 19 मई को हिंदी समेत विभिन्न भाषाओं व वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 20 मई को पेंटिंग, संस्कृत, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे विषयों की परीक्षा होगी, जबकि अंतिम दिन 21 मई को सामाजिक विज्ञान का पेपर लिया जाएगा। सभी मुख्य परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होंगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/23/ अप्रैल /2026