क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर में दो पुलिसकर्मियों पर धोखाधड़ी और पैसे हड़पने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में पीड़ित युवक सद्दाम खान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया और न्याय की मांग की। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आवेदन के अनुसार सद्दाम खान चार पहिया वाहनों की खरीद-फरोख्त का काम करता है और उसका परिचय आरक्षक रविन्द्र सोलंकी व शिवकुमार रघुवंशी से था। आरोप है कि दोनों आरक्षकों ने निजी जरूरत बताकर उससे आर्थिक मदद मांगी। उस समय सद्दाम के पास ग्राहकों की चार गाड़ियां बिक्री के लिए खड़ी थीं। आरोप है कि दोनों ने विश्वास में लेकर इन वाहनों को कबाड़ में बिकवा दिया और दो माह में राशि लौटाने का आश्वासन दिया। पीड़ित का कहना है कि काफी समय बीतने के बाद भी उसे पैसे वापस नहीं मिले, जिससे संबंधित वाहन मालिक उस पर भुगतान का दबाव बना रहे हैं। जब वह रकम मांगता है तो आरोपी उसे डराने-धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया गया है। इस पूरे घटनाक्रम से वह मानसिक तनाव में है। पीड़ित ने आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर कार्रवाई, बकाया राशि दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। - इनका कहना है दो पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए हैं। जिस में फरियादी ने आवेदन देकर शिकायत की है। मामले में सीएसपी गुना को जांच दी गई है।जो भी जांच के अंदर तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।- हितिका वासल, एसपी गुना