क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


- डॉक्टर, इंजीनियर और कलेक्टर जरूर बनें, लेकिन किसान और नेता भी बनें ताकि बेहतर संतुलन बना रहे - विद्यार्थियों के प्रश्नों पर मुख्यमंत्री ने दिए प्रेरक उत्तर सागर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र स्थित सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ बेवाक संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सांदीपनि आश्रम की परंपरा के अनुसार संस्कारों को जीवन में उतारना भी आवश्यक है।संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से उनके व्यक्तिगत और प्रशासनिक जीवन से जुड़े रोचक प्रश्न पूछे। कक्षा 11वीं के छात्र चौतन्य कुर्मी ने जब मुख्यमंत्री से उनके व्यस्त शेड्यूल के प्रबंधन के बारे में पूछा, तो डॉ. यादव ने सहजता से जवाब दिया। उन्होंने कहा, ष्जैसे आप स्कूल, पढ़ाई और घर के कार्यों के लिए समय निश्चित करते हैं, वैसे ही हम भी सुबह से अपनी पूरी समय सारणी तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही समय प्रबंधन की कुंजी है। कक्षा 10वीं की छात्रा शिवांशी साहू द्वारा विद्यालय के नामकरण पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि केवल एक नाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की शैली है। उज्जैन में महर्षि सांदीपनि के आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा ने न केवल शिक्षा बल्कि उच्च संस्कार भी प्राप्त किए थे। इसी उद्देश्य से इन विद्यालयों का नाम सांदीपनि रखा गया है। इसी प्रकार कक्षा 11वीं के छात्र अंशुल साहू ने जब प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा जताई, तो मुख्यमंत्री ने उनके पिता के कृषि व्यवसाय की सराहना की। उन्होंने प्रेरक अंदाज में कहाकृ बेटा, किसान पूरे देश का पेट भरता है। आप प्रशासनिक अधिकारी जरूर बनें, लेकिन अपने भीतर के किसान और एक जागरूक नागरिक को भी जीवित रखें। जब समाज के हर वर्ग का प्रतिनिधित्व होगा, तभी देश का संतुलन बना रहेगा और राष्ट्र प्रगति करेगा।मुख्यमंत्री ने विद्यालय के आधुनिक संसाधनों और शैक्षणिक वातावरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहाँ निजी स्कूलों से भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराईं जा रहीं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिजनों को भी यह विद्यालय दिखाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शासन और प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा। - मुख्यमंत्री डॉ यादव ने नरयावली सांदीपनि विद्यालय का किया लोकार्पण छात्रों से संवाद के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सरस्वती पूजन कर नरयावली सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। तत्पश्चात वे दसवीं कक्षा में पहुंचे जहां विद्यार्थी कचरा प्रबंधन विषय के बारे में पढ़ रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान विषय के कुछ प्रश्न भी पूछे। उन्होंने छात्र छात्राओं से उनके करियर के बारे में भी जाना और विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित - शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए विद्यालय को दी बधाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची में गौरवपूर्ण स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागर के छात्र जय को सम्मानित किया। जय ने 488 अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा (4जी) स्थान हासिल किया। कक्षा दसवीं बोर्ड की प्रावीण्य सूची में 493 अंकों के साथ संयुक्त रूप से 7वाँ स्थान प्राप्त करने वाली सुप्रिया जैन पिता सुमित जैन, सरस्वती शिशु मंदिर, रहली, महिमा प्रजापति पितारू दीपचंद प्रजापति, शासकीय हाईस्कूल, पथरिया जगन, वैशाली रजक पिता महेन्द्र रजक, शासकीय सांदीपनी मॉडल उ.मा.वि., बीना को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने शासकीय सांदीपनी मॉडल स्कूल को एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत विद्यालय की शत-प्रतिशत बालिकाओं का टीकाकरण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर विशेष बधाई प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश के विद्यार्थी हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति यह सजगता एक विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।इस अवसर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, पूर्व मंत्री श्री नारायण प्रसाद कबीरपंथी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल, एसडीएम श्री अमन मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविन्द्र जैन, जिला परियोजना समन्वयक श्री गिरीष मिश्रा सहित संस्था के प्राचार्य, शिक्षक, छात्र—छात्राएं, जनप्रतिनिधि, अधिकारी मौजूद थे। निखिल सोधिया/ईएमएस/23/04/2026