क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में मण्डलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप ने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की तैयारियों को बारीकी से परखा। बताया गया कि इस केंद्र पर कुल 240 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त छाया (शेड) और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मण्डलायुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर सिटिंग प्लान का भी अवलोकन किया और निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखी जाए तथा अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी टूण्डला, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा। - ईएमएस